Wednesday, 5 August 2020

आपकी नजर में रामराज्य का अर्थ क्या है?

रामराज्य का अर्थ ---हृदय में समभाव को स्थापित कर मानवता के आधार पर इंसान को इंसान समझें। जातिगत आधार पर भेदभाव दिल में न रखकर कर्म के आधार पर सब को सम्मान दें। जाति के आधार पर किसी को पूज्य और किसी को तुच्छ न समझें।
  शोषक और शोषित का फासला मिटा कर हम सभी श्री राम के सच्चे अनुयाई बनें। उन्हें आदर्श मानकर उनके विचारों का अनुसरण करें। प्राचीन काल के राजा आज बदले हुए रूप में पूंजीपति बन गरीबों का शोषण व दोहन कर रहे हैं। सत्ताधारी स्वार्थलोलुप बन आर्थिक रूप से मजबूर लोगों के परेशानियों और जज्बातों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
    रामराज्य की स्थापना तभी होगी जब सर्वांगीण विकास हो। जमीनी स्तर पर कार्य कर आर्थिक असमानता की खाई को पाटा जाए। सत्य और अहिंसा का मार्ग पर चलकर गरीबों की संपूर्ण रक्षा हो। कर्म रूपी धर्म का पालन करते हुए लोकमत का हमेशा आदर हो। 
  रामराज्य के लिए किसी पांडित्य की आवश्यकता नहीं। हर वर्ग,धर्म, जाति के स्त्री-पुरुष, वृद्ध, बच्चों को सम्मान और अधिकार की रक्षा करते हुए उनके खुशहाल जीवन को प्रोत्साहित और सींचित करते रहना ही रामराज्य है । प्रभु  हर रूप में कण- कण में वास करते हैं। न्यायप्रिय प्रभु राम को आदर्श मान उनके विचारों का अनुसरण कर समदृष्टि भाव से आदर, प्रेम, सम्मान के साथ रामराज्य की स्थापना हो। यही उनकी सच्ची आराधना है।
                       सुनीता रानी राठौर 
                    ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)

No comments:

Post a Comment