वर्तमान माहौल में कोरोनावायरस से संक्रमित होने का डर दूसरा नौकरी और कारोबार को लेकर अनिश्चितता और तीसरा लॉकडाउन के कारण कुछ लोगों का अकेलापन आज जीवन शैली को तनावग्रस्त बनाता जा रहा है।
जीवनशैली को तनाव मुक्त बनाने के लिए हमें सकारात्मक सोच को प्रोत्साहन देने की जरूरत है।
सर्वप्रथम खुद को मानसिक रूप से मजबूत करें कि एहतियात बरतकर हम खुद व परिवार को वायरस से सुरक्षित रखेंगे। नियमित रूप से कार्य करते रहें।
लॉकडाउन में घर बैठकर समय का सदुपयोग करते हुए अपनी हॉबी को पूर्ण करें। रचनात्मक कार्य करें। लिखने में रुचि है तो अपनी रचना द्वारा समाज को जागरूक करने का और हौसला अफजाई करने का कार्य करें।
बागवानी करें। हरियाली देखकर मन प्रसन्न रहेगा। नये-नये चीजों को सीखने का प्रयास करें। आप व्यस्त रहेंगे तो दिमाग में नकारात्मक विचार कम आएंगे।
सकारात्मक रूप से सोचें कि हमें सपरिवार रहने का अच्छा अवसर मिला है। एक दूसरे के सुख- दुख को सुनें। पुरानी दुखद बातों को भूल कर अपनी भावनाओं को साझा करें। इससे खुद को प्रसन्न चित्त और हल्का महसूस करेंगे।
खुद के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएं। योग और प्राणायाम करें। पौष्टिक भोजन बनाएं । खुद खाएं परिवार को खिलाएं।
स्कूली बच्चे जो स्कूल बंद होने की वजह से बोरियत महसूस कर रहे हैं, बाहर खेलने के लिए नहीं मिल रहा है। उन्हें रचनात्मक कार्यों में लगाएं। पेंटिंग सिखाएं। घरेलू कार्य सिखाएं ।पुरानी चीजों से नया सामान बनाना सिखाएं ।उन्हें एक अनुपम खुशी भी मिलेगी और वे तनावमुक्त भी रहेंगे।
तनाव मुक्त रहने के लिए टीवी और सोशल मीडिया पर सिर्फ नकारात्मक खबर देखने से बचें। हास्य-व्यंग्य नृत्य गाने आदि भी देखा सुना करें।
सकारात्मक पहलुओं पर विचार करते हुए अच्छे पक्षों पर जोर दें। घर पर रहते हुए पारिवारिक समस्याओं को भी शांति से सुलझायें। छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर खुशहाल जीवन जीयें और पॉजिटिव नतीजे पर पहुंचने का प्रयास करें। निश्चित तौर पर कोरोना की जीवन शैली में भी आप तनाव मुक्त रहेंगे।
------------------+----------------+-----------------
सुनीता रानी राठौर
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)
No comments:
Post a Comment